खरगोन। जिले के टांडा बरूड मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत निमाड़ रेंज उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) सिमाला प्रसाद पहली बार टांडा-बरूड थाना प्रांगण पहुंचीं। यहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ किया और जनता से सीधा संवाद किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। DIG सिमाला प्रसाद ने जनता से उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं अधिक हो रही हैं और पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए।
इस पर DIG ने तत्काल टांडा-बरूड थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि थाने के सभी बीट प्रभारियों के नाम और मोबाइल नंबर जनता के बीच सार्वजनिक किए जाएं, ताकि लोग सीधे अपनी बीट के पुलिसकर्मी से संपर्क कर सकें।
बैठक में पुलिस बल की कमी का मुद्दा भी सामने आया। इस पर DIG सिमाला प्रसाद ने बताया कि खरगोन जिले के सभी थानों में पुलिस बल की कमी है, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा और अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निमाड़ रेंज में DIG पद पर पदस्थ होने के बाद यह पहला मौका है जब उन्होंने खरगोन जिले के किसी थाने में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पहुँचकर जनता की समस्याएं सुनी हैं, और इसके लिए उन्होंने टांडा-बरूड थाने को चुना है।
कार्यक्रम के अंत में DIG ने मौके पर ही जनता से आवेदन लेकर उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।