मंदसौर। शासन की योजनाओं के माध्यम से मंदसौर जिले के सैकड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। इसका एक उदाहरण मंदसौर निवासी सतीश मालवीय हैं, जिन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) से जुड़ी योजना का लाभ लेकर अपना उद्योग स्थापित किया और अब समृद्धि की ओर अग्रसर हैं।
सतीश मालवीय मंदसौर में यूपीवीसी से डोर सेट, विंडो स्लाइडर, वेंटिलेशन सहित मकानों में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्री का निर्माण कर रहे हैं। इसके लिए आवश्यक कच्चा माल वे देहरादून से मंगवाते हैं। सतीश ने अपना उद्योग स्थापित करने के साथ ही अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। उनके प्लांट में ऑपरेटर और मजदूर सहित करीब 10 लोग कार्यरत हैं।
सतीश के अनुसार, वर्तमान समय में यूपीवीसी से निर्मित सामग्री की मांग लगातार बढ़ रही है। उनका कहना है कि अल्युमिनियम की तुलना में यूपीवीसी से निर्मित सामग्री अधिक टिकाऊ होने के कारण मकान निर्माण में इसका उपयोग बढ़ रहा है।
स्नातक उत्तीर्ण सतीश मालवीय अपनी सफलता का श्रेय शासन की योजना से मिले सहयोग को देते हैं। उनका कहना है कि योजना की मदद से उन्हें अपना उद्योग स्थापित करने का अवसर मिला और वे आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।