देवास/हाटपिपल्या। हाटपिपल्या तहसील के ग्राम रोजड़ी में तेंदुए की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। गांव में महज दो माह के भीतर तेंदुए के हमले की यह तीसरी घटना सामने आई है। ताजा मामले में तेंदुए ने किसान अजपलसिंह पिता गिरवर सिंह पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। घायल किसान को उपचार के लिए देवास रेफर किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर वन विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद भी वन विभाग की टीम के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश के साथ दहशत का माहौल है।
लगातार हो रही घटनाओं के बीच ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।