नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रमुख सचिव खनिज संसाधन विभाग विवेक कुमार पोरवाल एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्र ने जावद विकासखंड के ग्राम मोरका स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत स्थापित ‘गोड कबीर गुरु ब्रांड’ खरबूजा मगज प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन किया।
इकाई के हितग्राही अजय पंवार ने अधिकारियों को खरबूजे के बीज की खरीद से लेकर प्रोसेसिंग, सुखाने, मगज निकालने, छंटाई एवं पैकेजिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीज की खरीद रामपुरा मंडी एवं स्थानीय किसानों से की जाती है। बीज करीब 200 से 220 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जाता है।
अजय पंवार के अनुसार एक किलोग्राम खरबूजे के बीज के प्रसंस्करण से करीब 20 प्रतिशत छिलका, 20 प्रतिशत रिजेक्ट माल और 60 प्रतिशत खरबूजा मगज प्राप्त होता है। तैयार मगज का विक्रय करीब 415 से 420 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से किया जाता है।
उन्होंने बताया कि पीएमएफएमई योजना के तहत इकाई की कुल परियोजना लागत 29.80 लाख रुपए है। इसमें 23.84 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत हुआ है, जबकि 10 लाख रुपए की सब्सिडी प्राप्त हुई है। वर्तमान में इकाई में चार लोगों को रोजगार मिल रहा है, जिनमें दो स्थायी और दो अस्थायी श्रमिक शामिल हैं।
हितग्राही ने बताया कि इकाई का करीब 2.50 लाख रुपए प्रतिमाह खर्च होता है, जबकि लगभग 2.90 लाख रुपए प्रतिमाह आय होती है। इस प्रकार करीब 40 हजार रुपए प्रतिमाह शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम जावद संजीव साहू, उप संचालक उद्यानिकी पप्पू कनेल, उप संचालक कृषि नगीन सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।