नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नगर परिषद जावद में छठा समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के साथ पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।
शिविर में ग्रामीणों एवं नगरवासियों ने सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन, फसल बीमा, आंगनवाड़ी, विद्यालय और सड़क सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों में समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के बीच पहुंचाकर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जावद में आयोजित पूर्व समाधान शिविर की करीब 90 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। वर्तमान शिविर में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की आगामी शिविर में समीक्षा की जाएगी।
विधायक ने स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति, लैपटॉप, साइकिल एवं उच्च शिक्षा संबंधी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से अधिकारी सीधे आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के साथ संबंधित क्षेत्रों में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
पीएम किसान की शिकायत का त्वरित निराकरण-
शिविर में दिनेश चंद्र पिता प्रभुलाल धाकड़ ने पीएम किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्या रखी। प्रकरण का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें आगामी किस्त में राशि प्राप्त होने की जानकारी दी गई। हितग्राही ने संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन का आभार माना।
उद्यमियों और विद्यार्थियों से संवाद-
उद्यम संवाद के दौरान वर्धमान एंटरप्राइजेज के अशोक कुमार मेहता ने मोरखा औद्योगिक क्षेत्र में भूमि आवंटन के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वेद एंटरप्राइजेज के मंजीत धाकड़ ने प्रशासन के सहयोग से मसाला उद्योग स्थापित करने की जानकारी दी।
यशस्वी संवाद में प्राची अहीर एवं अंजली धाकड़ ने करियर से संबंधित जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय स्तर पर करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
समाधान शिविर के बाद एसएएम से पीड़ित बच्चों की माताओं को दो न्यूट्री-बास्केट तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के दो-दो प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, वनमंडलाधिकारी एस.के. अटोदे, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम संजीव साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।