नीमच। जिला कोषालय अधिकारी ने शुक्रवार को शासकीय चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से चर्चा कर उपचार, दवाइयों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान आईसीयू में 14 तथा मेडिकल वार्ड में 12 मरीज उपचाररत मिले। सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीजों ने नियमित चिकित्सकीय देखरेख और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध होने की जानकारी दी।
अन्नपूर्णा सेवा संस्थान की पहल के तहत मरीजों को विभिन्न आवश्यक सामग्री कुछ दिनों के लिए निःशुल्क तथा इसके बाद न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराई जा रही है।
मैटरनिटी वार्ड में एग्जॉस्ट एवं वेंटिलेशन की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। वहीं, डस्टबिन के लिए निर्धारित कलर कोड के अनुसार बैग का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। टीबी कार्यालय में निर्धारित ओपीडी समय के दौरान मरीजों को दवाइयों का वितरण होते पाया गया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. राजेंद्र देपोरिया सहित कुछ चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए, जबकि डॉ. पप्पू गुर्जर अवकाश (सीएल) पर थे। अनुपस्थित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण लेने तथा नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
चिकित्सालय परिसर में पार्किंग का टेंडर नहीं होने के कारण यातायात व्यवस्था भी अव्यवस्थित मिली। इस पर पार्किंग व्यवस्था सुचारु करने के लिए आवश्यक निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।