शाजापुर/पोलायकलां। पोलायकलां तहसील के मोरटाकेवड़ी स्थित अति प्राचीन पांडवकालीन हिमालेश्वर धाम में हुई करीब 3 लाख रुपए की चोरी का चार दिन बाद भी खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शनिवार को सैकड़ों ग्रामीण पोलायकलां पुलिस चौकी पहुंचे और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने पोलायकलां तहसीलदार भागीरथ जायसवाल को कलेक्टर ऋजु बाफना और पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन थाना प्रभारी अवंतिपुर बड़ोदिया को सौंपा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले हिमालेश्वर धाम में चोरी की वारदात गंभीर मामला है। घटना को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं मिलने से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस को स्पष्ट चेतावनी दी है कि पांच दिन के भीतर चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो चक्काजाम किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि चक्काजाम की स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर हुई चोरी से क्षेत्रवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। ऐसे में पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचकर चोरी का माल बरामद करना चाहिए।