स्कूली शिक्षा विभाग के वार्षिक ‘बालरंग’ कार्यक्रम के तहत होने वाली 12 से अधिक विधाओं की प्रतियोगिताओं का आयोजन स्थल ऐन वक्त पर बदले जाने को लेकर शनिवार को विवाद खड़ा हो गया। पीएम श्री कन्या स्कूल की छात्राओं ने प्रतियोगिता का केंद्र बदलने का विरोध करते हुए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।
छात्राओं के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। विरोध और विवाद की स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने शनिवार को होने वाली प्रतियोगिताएं फिलहाल निरस्त कर दीं।
बालरंग कार्यक्रम के तहत ब्लॉक स्तर पर चयनित विद्यार्थी जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं। इसी क्रम में पीएम श्री कन्या स्कूल को प्रतियोगिता का केंद्र बनाए जाने की जानकारी छात्राओं को दी गई थी।
एक दिन पहले बदला प्रतियोगिता का केंद्र
छात्राओं का आरोप है कि दो दिन पहले तक ब्लॉक स्तरीय बालरंग प्रतियोगिता पीएम श्री कन्या स्कूल में होना तय थी। लेकिन प्रतियोगिता से एक दिन पहले इसका केंद्र बदलकर सांदीपनि सीएम राइज स्कूल कर दिया गया।
शनिवार सुबह छात्राएं प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए नए केंद्र की ओर रवाना भी हो गई थीं। इसी दौरान अचानक हुए बदलाव को लेकर उन्होंने शिक्षा विभाग के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया और सड़क पर प्रदर्शन किया।
प्राचार्य पर मनमानी का आरोप
ABVP के जिला संयोजक राजदीप सिंह ने आरोप लगाया कि DEO कार्यालय की ओर से पहले पीएम श्री कन्या स्कूल को आयोजन स्थल तय किया गया था। उनका आरोप है कि सांदीपनि सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य दिग्विजय सिंह ने DEO कार्यालय जाकर आयोजन स्थल अपने स्कूल में स्थानांतरित करवा लिया। इसके विरोध में ABVP कार्यकर्ताओं ने छात्राओं के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी भी की।
DEO ने प्रतियोगिताएं कीं निरस्त
विरोध-प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए DEO ने शनिवार को होने वाली सभी विधाओं की प्रतियोगिताएं निरस्त करने के आदेश दिए।
छात्राओं और कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया गया कि आयोजन स्थल की दोबारा समीक्षा कर निष्पक्ष रूप से नई तारीख और स्थान तय किया जाएगा।