नीमच। मनासा तहसील के पोखरदा गांव निवासी कविता पति जीतमल बंजारा ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। महिला ने आवेदन में बताया कि उसका पति जीतमल पिता नंदलाल के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। महिला के अनुसार उसने इससे पहले 27 जुलाई 2026 को भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी।
शिकायत के अनुसार 18 सितंबर 2026 को कविता को सूचना मिली कि उसका पति दूसरी शादी कर रहा है। इसके बाद वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ गांव कुंडलिया पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने एकजुट होकर उसके वाहन पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया तथा उसके साथ मारपीट की। शिकायत में महिला ने बताया कि घटना के बाद वह और उसके परिवार के सदस्य मौके से निकल गए।
कविता ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि उसका पति उसे छोड़कर दूसरी शादी कर चुका है। उसकी पुत्री मिष्ठी वर्तमान में उसके पिता के पास रह रही है, जहां उसका और उसकी पुत्री का भरण-पोषण किया जा रहा है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर वाहन क्षतिग्रस्त करने, मारपीट सहित अन्य आरोपों में संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस जांच और कार्रवाई की स्थिति सामने आना बाकी है।