चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर, मण्डफिया में जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर 21 से 23 सितंबर तक तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में भगवान सांवरिया सेठ की विशाल शोभायात्रा, जलझूलनी एकादशी पर भव्य रथयात्रा, भजन संध्याएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश धाकड़ ने बताया कि तीन दिवसीय मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले को लेकर मण्डफिया नगरी में तैयारियां की जा रही हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
21 सितंबर को निकलेगी विशाल शोभायात्रा
मेले के प्रथम दिन सोमवार, 21 सितंबर को दोपहर 2 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। रात को मेला ग्राउंड के विभिन्न मंचों पर भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
मीरा रंगमंच पर रात 9 बजे नितीन बागवान एवं कृतिका मालविया की भजन संध्या और रात 1 बजे जय श्री राधे फोक ग्रुप की प्रस्तुति होगी। वहीं गोवर्धन रंगमंच पर रात 9 बजे नेहा-शिल्पी सोनी एवं सनी अलबेला द्वारा भजन, सांस्कृतिक, कॉमेडी एवं नृत्य कार्यक्रम तथा रात 1 बजे चिराग राजस्थनी डांस ग्रुप की प्रस्तुति होगी।
कवि सम्मेलन में देशभर के कवि देंगे प्रस्तुति
21 सितंबर की रात 9 बजे मण्डफिया बाईपास स्थित उप जिला चिकित्सालय/रेफरल चिकित्सालय के पास अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें शैलेश लोढ़ा, संजय झाला, भुवन मोहिनी, दीपक पारीक, शम्भु शिखर, राम भदावर, मोनिका हटिला, लक्ष्मण नेपाली, लक्की जारोलिया, हीरामनी वैष्णव, चेतन चर्चित, शशिकांत यादव एवं जानी बैरागी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए कवि प्रस्तुति देंगे।
जलझूलनी एकादशी पर निकलेगी भव्य रथयात्रा
मेले का मुख्य धार्मिक आयोजन मंगलवार, 22 सितंबर को जलझूलनी एकादशी के अवसर पर होगा। दोपहर 12 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर से सांवरिया सरोवर तक विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रात को मण्डफिया बाईपास स्टेज पर बी. प्राक मय दल की भजन संध्या एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। गोवर्धन रंगमंच पर सवाई भाट तथा रात 1 बजे मोनिका भदौरिया, वॉयस ऑफ इंडिया दिव्यांश वर्मा एवं आईजीटी ग्रुप मय दल की प्रस्तुति होगी। मीरा रंगमंच पर प्रकाश माली मय दल तथा रात 1 बजे आशा वैष्णव भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।
23 सितंबर को होगा मेले का समापन
मेले के अंतिम दिन बुधवार, 23 सितंबर को समापन समारोह होगा। रात 9 बजे मेला ग्राउंड स्थित मीरा रंगमंच पर छोटू सिंह रावणा द्वारा भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
तीन दिवसीय मेले के दौरान सांवलियाजी धाम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर रहेगा। भगवान सांवरिया सेठ के दर्शन के साथ शोभायात्रा, रथयात्रा, भजन संध्याएं, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहेंगे।