शिवपुरी। दिनारा थाना पुलिस ने ग्राम आवास में भगवती ढाबे के पीछे स्थित एक गोदाम में कथित रूप से अवैध तरीके से वाहनों में इस्तेमाल होने वाला कैमिकल यूरिया DEF (Diesel Exhaust Fluid) बनाने का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से करीब 13,200 लीटर तैयार कैमिकल यूरिया जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.94 लाख रुपए बताई गई है। इसके साथ ही करीब 9 लाख रुपए कीमत की मिक्सर मशीन, फिल्टर प्लांट और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के बाद दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाहा पुलिस बल के साथ ग्राम आवास में भगवती ढाबे के पीछे स्थित गोदाम पर पहुंचे। तलाशी के दौरान मौके पर 26 प्लास्टिक टंकियां, मिक्सर मशीन और फिल्टर प्लांट मिला। इनमें 24 टंकियों में अलग-अलग मात्रा में कैमिकल यूरिया भरा हुआ था, जबकि दो टंकियां खाली मिलीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 45 किलो टेक्निकल ग्रेड यूरिया, करीब 25 किलो सफेद पाउडर के साथ अलग-अलग बाल्टियों में रखे लिक्विड और काले पाउडर के नमूने भी लिए हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित किया है।
पुलिस का आरोप है कि गोदाम संचालक आनंद यादव (40), निवासी ग्राम आवास के पास कैमिकल यूरिया यानी DEF के निर्माण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं था। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक उसने यूरिया, पानी और अन्य कैमिकल मिलाकर DEF तैयार करने और उसे कंपनी के कैमिकल यूरिया के रूप में वाहनों में बेचने की बात बताई है।
पुलिस ने तैयार कैमिकल यूरिया के साथ निर्माण में इस्तेमाल मशीनरी और अन्य सामग्री जब्त कर गोदाम को मौके पर ही सील कर दिया। मामले में BNS की धारा 318(1), 280 और 125(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब बरामद कैमिकल की जांच और इसके निर्माण एवं बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।