माउंट आबू। दुबड़ी आठें का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। परिवार और सुहाग की रक्षा तथा सुख-समृद्धि की कामना को लेकर महिलाएं इस पर्व पर विशेष पूजा-अर्चना करती हैं। पर्व की खास परंपरा के तहत एक दिन पहले ही घरों में विभिन्न प्रकार के पकवान बनाए जाते हैं और पूजा के बाद ठंडा भोजन ग्रहण किया जाता है।
सुबह से ही माउंट आबू के घरों में पर्व को लेकर विशेष तैयारियां देखने को मिलीं। महिलाओं ने मिट्टी से पाटा सजाया और कथा के अनुसार मिट्टी की विभिन्न आकृतियां बनाकर पूजा स्थल को तैयार किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और रक्षा की कामना की गई।
दुबड़ी आठें पर्व की एक खास परंपरा यह भी है कि इसमें पूजा के लिए भोजन एक दिन पहले तैयार किया जाता है। पर्व के दिन चूल्हा जलाकर ताजा भोजन नहीं बनाया जाता, बल्कि पहले से तैयार किए गए ठंडे पकवान ही ग्रहण किए जाते हैं।
माउंट आबू में इस पर्व के दौरान महिलाओं में खास उत्साह नजर आया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाने वाला यह पर्व स्थानीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। घरों में पूजा-अर्चना के साथ पूरे क्षेत्र में पर्व का उत्सवी माहौल बना हुआ है।