नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 सितंबर को नीमच जिले की रामपुरा तहसील अंतर्गत खिमला पार्टीशन पहुंचेंगे। यहां चीता परियोजना के तहत गांधीसागर अभयारण्य में निर्मित बाड़े में मादा चीता छोड़ने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से डीबीएल बस्सी हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां से खिमला पार्टीशन के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, वनमंडलाधिकारी नीमच एस.के. अटोदे एवं डीएफओ मंदसौर संजय रायखेरे ने खिमला पार्टीशन और हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हेलीपैड स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन रूम, टेंट सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। वहीं खिमला पार्टीशन स्थित चीता रिलीज स्थल पर बाड़े की बैरिकेडिंग, वायर फेंसिंग, सुरक्षा व्यवस्था, मंच, ग्रीन रूम एवं पार्किंग सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया गया।
कलेक्टर चंद्रा ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम किरण आंजना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।