दतिया। शहर में गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह की आरती से लेकर देर रात तक गणेश पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। शहर के प्रमुख बाजारों और मोहल्लों में आकर्षक पूजा पंडाल सजाए गए हैं, जहां गणपति महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लग रही हैं।
गणेश महोत्सव के तहत दतिया कलेक्टर स्वप्रिल वानखड़े शहर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित शनीचरा मोहल्ला पहुंचे। यहां उन्होंने निवासी पवन सोनी के निवास पर स्थापित गणेश प्रतिमा के दर्शन किए और आरती में शामिल होकर जिले की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर पवन सोनी ने कलेक्टर स्वप्रिल वानखड़े का तिलक लगाकर एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। गणेश उत्सव के चलते पूरे शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।