नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच आगमन से पहले विधायक दिलीप सिंह परिहार ने जिले के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मेडिकल कॉलेज को लेकर सरकार के समक्ष मांग रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि नीमच मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मोड में नहीं दिया जाना चाहिए, बल्कि इसका संचालन सरकार द्वारा ही किया जाना चाहिए। इसके साथ ही क्षेत्र में ब्रिज निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी।
अग्रोहा भवन में आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अभिनंदन कार्यक्रम की तैयारियों के बीच विधायक परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने नीमच जिले को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने नीमच-झालावाड़ मार्ग, चीताखेड़ा-जीरन से हवाई पट्टी तक करीब 100 करोड़ रुपए की सड़क, नीमच-सिंगोली तथा डुंगलावदा-भाटखेड़ा मार्ग सहित विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सामाजिक सेवा, रक्तदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में पात्र बहनों को स्कूटी तथा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को लैपटॉप भी वितरित किए जाएंगे।
विधायक परिहार ने कार्यकर्ताओं एवं आमजन से बड़ी संख्या में पहुंचकर मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुछ ही देर में नीमच पहुंचने का कार्यक्रम है।