नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री का विशेष हेलीकॉप्टर भोपाल से नीमच के लिए रवाना हो चुका है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री कुछ ही देर में नीमच के सीआरपीएफ ग्राउंड स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सीआरपीएफ हेलीपैड पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर तैनात हैं। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
सीआरपीएफ हेलीपैड पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 12.30 बजे सीएसबी अग्रोहा भवन में ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के अंतर्गत आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे रामपुरा क्षेत्र के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 2.50 बजे ग्राम बासी स्थित डीबीएल हेलीपैड पहुंचकर सड़क मार्ग से ग्राम बूज जाएंगे। यहां चीता परियोजना के गेट क्रमांक-4 पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान कूनो से गांधीसागर लाई गई मादा चीता सीसीबी-2 को रिलीज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर करीब 300 से 400 सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम 3.45 बजे ग्राम बासी हेलीपैड पहुंचेंगे और 3.50 बजे हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए रवाना होंगे।