छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता मध्यांचल ग्रामीण बैंक के कर्मचारी राजू पाल उर्फ राजेश पाल का शव रविवार को केन नदी में मिला। खाड़-खुड़ई के पास नदी में तैरता शव दिखाई देने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान राजू पाल के रूप में की।
बताया जा रहा है कि राजू पाल 16 सितंबर की शाम से लापता थे। उनकी बाइक केन नदी के ब्रिज पर मिली थी, जिसके बाद पुलिस और SDRF की टीम लगातार नदी में सर्चिंग कर रही थी। तीन दिन की तलाश के बाद रविवार को उनका शव बरामद हुआ।
राजू पाल की मौत को लेकर मामला संदिग्ध परिस्थितियों का बना हुआ है। जांच के दौरान एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें राजू पाल ने सत्यम शुक्ला पर धमकाने के आरोप लगाए थे। इसके बाद पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ाई हैं।
फिलहाल सत्यम शुक्ला पुलिस अभिरक्षा में है और उससे पूछताछ की जा रही है। बमीठा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अब राजू पाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।