शाजापुर/पोलायकलां। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान की उम्मीद लगाए बैठे एक गरीब परिवार पर रविवार को उस समय आफत टूट पड़ी, जब वार्ड क्रमांक 1 के हिम्मतपुरा क्षेत्र में उनके जर्जर मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मकान के अंदर मौजूद पति-पत्नी मलबे की चपेट में आने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोलायकलां ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर रेफर किया गया।
हादसे में मुबारिक शाह पिता रोशन शाह (45) और उनकी पत्नी रुबीना बी पति मुबारिक शाह (40) घायल हुई हैं। दोनों हिम्मतपुरा, वार्ड क्रमांक 1, पोलायकलां के निवासी बताए गए हैं।
पांच साल से पक्के मकान की आस
बताया जा रहा है कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और परिवार पिछले करीब 5 वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान का लाभ मिलने की उम्मीद लगाए हुए है। परिवार की ओर से योजना का लाभ लेने के लिए लगातार आवेदन किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन अब तक उन्हें आवास का लाभ नहीं मिल सका। इसी बीच जर्जर मकान की दीवार गिरने से परिवार की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बच्चे घर से बाहर थे, टला बड़ा हादसा
रविवार को छुट्टी होने के कारण परिवार के बच्चे घर से बाहर खेलने गए हुए थे। इसी दौरान मकान की दीवार अचानक गिर गई। यदि बच्चे उस समय घर के अंदर मौजूद होते तो हादसा और गंभीर हो सकता था। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल पति-पत्नी को अस्पताल पहुंचाया।
प्रशासन से तत्काल आवास दिलाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जर्जर मकानों का तत्काल सर्वे कराने की मांग की है। साथ ही पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ जल्द उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है। लोगों का कहना है कि सरकारी आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आशियाना उपलब्ध कराना है, इसलिए पात्र परिवारों को समय पर योजना का लाभ मिलना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की नौबत न आए।