नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच दौरे के बीच शहर में सियासी हलचल तेज हो गई। कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती को नीमच कैंट पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि फिरोज शाह पेट्रोल पंप के समीप स्थित मल्टी में उनके निवास पर कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा सहित पुलिस बल तैनात रहा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को नीमच जिले के दौरे पर हैं। निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री नीमच में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रामपुरा क्षेत्र में चीता परियोजना से जुड़े कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
इसी बीच कांग्रेस जिला अध्यक्ष को नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल नजरबंदी किए जाने के कारण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले में कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार है। वहीं, पुलिस की आधिकारिक स्थिति सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तरुण बाहेती को किस कारण से निगरानी में रखा गया।