रतनगढ़। इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को श्री शेषभुजा माता मंदिर, रतनगढ़ घाट के ऊपर ब्लॉक कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। बैठक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंभू भाई चारण के नेतृत्व में हुई। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस नेता स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित वरिष्ठजनों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
बैठक में जिला प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के साथ 19 सितंबर के कार्यक्रम में युवाओं एवं छात्रों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।
युवाओं से संपर्क और पंजीयन पर जोर-
बैठक में रतनगढ़ ब्लॉक सहित जिले से युवाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इंदौर ले जाने की व्यवस्था, छात्रों के पंजीयन, उनकी समस्याओं एवं सुझावों के संकलन तथा यात्रा संबंधी तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
जिला प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा ने कार्यकर्ताओं से युवाओं एवं छात्रों से संपर्क कर कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने इंदौर जाने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या और यात्रा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की।
प्रदेश महासचिव सत्यनारायण पाटीदार ने कार्यकर्ताओं से समय पर बैठकों में पहुंचने तथा कार्यक्रम के लिए युवाओं से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर मार्गदर्शन दिया।
इन नेताओं ने किया संबोधित-
बैठक को प्रदेश महासचिव सत्यनारायण पाटीदार, जिला प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा, अजा जिला अध्यक्ष राकेश जावरिया, जिला उपाध्यक्ष मनीष जैन, जिला कांग्रेस महासचिव राजेश लड्ढा, अर्जुन धाकड़, रामस्वरूप सोलंकी, मलकीत सिंह, बाबूलाल, रामचंद्र वर्मा, ब्रजमोहन वैष्णव, जगदीश बैरागी एवं हेमराज गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर कार्यक्रम की तैयारियों को गति देने और युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद-
बैठक में जाहिद पठान, एमडी मंसूरी, जिला पंचायती राज अध्यक्ष विष्णु नागर सहित ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे। युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा की। अंत में ब्लॉक कांग्रेस नगर मंडल अध्यक्ष निसार अब्बासी ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।