रामपुरा। युवा ऊर्जा, उमंग और संकल्प का प्रतिनिधित्व करते हैं। नवाचार एवं ज्ञान देश के युवा वर्ग की नींव हैं। युवाओं को अपने लक्ष्य से नहीं भटकते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। यह बात मनासा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने रामपुरा महाविद्यालय में आयोजित ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के तहत युवा संवाद कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में विधायक, प्राचार्य एवं छात्र-छात्राओं द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम् गायन, मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सरस्वती वंदना महाविद्यालय की छात्राओं भूमिका कपूर, रंजना माली, विशाखा चौधरी एवं धानिया पढ़ाईपंथी ने प्रस्तुत की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलराम सोनी एवं स्टाफ ने विधायक तथा मंचासीन अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। मंच पर रामपुरा मंडल अध्यक्ष गोपाल गुर्जर, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश जैन, अधिवक्ता सम्राट दीक्षित, दीपक मर्च्या, कैलाश देवड़ा, कैलाश बैरागी, चंदन देवड़ा, अंकित खंडूजा, रवि पाटीदार एवं दिनेश राठौड़ उपस्थित रहे।
युवाओं को लक्ष्य पर अडिग रहने की प्रेरणा-
विधायक अनिरुद्ध मारू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उनकी लंबी आयु की कामना करते हुए एक दीपक अवश्य जलाएं। उन्होंने कहा कि भारत निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। विभिन्न क्षेत्रों की प्रसिद्ध हस्तियों के उदाहरण देते हुए उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य पर अडिग रहने और भ्रमित हुए बिना आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवा विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी प्रतिभा का सर्वाेत्तम प्रदर्शन करने का प्रयास करें और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान दें। उन्होंने बेटियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए उन्होंने महिलाओं एवं बेटियों के योगदान का उल्लेख किया।
विधायक ने युवाओं से दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने, तकनीक का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने तथा अच्छी शिक्षा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने की बात कही।
छात्राओं ने किया युवा संवाद-
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने विधायक से युवा संवाद किया। छात्रा चेरी जागीरदार ने विकसित भारत-2047 की अवधारणा को लेकर प्रश्न किया, जिस पर संवाद किया गया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बलराम सोनी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विधायक को तुलसी का पौधा भेंट किया। इस अवसर पर महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय वेबिनार ‘जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता रू चुनौतियां और अवसर’ विषय पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुक्ता दुबे ने किया तथा आभार प्रो. भरत कुमार धनगर ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ रामपुरा के गणमान्य नागरिक, महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।