मनासा। बच्चों एवं महिलाओं के साथ होने वाली लैंगिक हिंसा की रोकथाम, बाल अधिकारों तथा पॉक्सो एक्ट-2012 के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर जन साहस संस्था द्वारा एसबीआई फाउंडेशन एवं एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के सहयोग से श्री रामनाथ मारू सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनासा में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। कार्यक्रम में अतिथियों एवं संस्था के सदस्यों ने विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
संस्था सदस्य समीर मंसूरी ने विद्यार्थियों को बाल मजदूरी, बाल अधिकार एवं बाल विवाह के संबंध में जानकारी दी। परामर्शदाता अनिता दुर्गज ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों से संवाद किया।
संस्था के जिला समन्वयक जितेंद्र कुमार सुनार्तिया ने सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, बाल लैंगिक शोषण की रोकथाम एवं बचाव तथा पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी प्रकार की असहज या असुरक्षित स्थिति का सामना होने पर उसका विरोध करें, मदद के लिए आवाज उठाएं और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर किसी विश्वसनीय व्यक्ति को घटना की जानकारी दें।
उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की 112 हेल्पलाइन अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी जा सकती है। उन्होंने बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी घटना को छिपाने के बजाय विश्वसनीय व्यक्ति से साझा करने के लिए प्रेरित किया।
बाल सुरक्षा की शपथ दिलाई-
कार्यक्रम के दौरान जन साहस संस्था द्वारा विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को बाल लैंगिक शोषण की रोकथाम एवं बाल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को शिक्षण सामग्री तथा विद्यालय प्रबंधन को खेल सामग्री के रूप में बैडमिंटन किट भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य राजेंद्र पुरोहित, सहायक आचार्य उषा ओझा, जन साहस संस्था के जिला समन्वयक जितेंद्र कुमार सुनार्तिया, परामर्शदाता अनिता दुर्गज, सदस्य समीर मंसूरी एवं आशुतोष कछावा सहित विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समीर मंसूरी ने किया तथा आभार अनिता दुर्गज ने व्यक्त किया।