रामपुरा । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नीमच पहुंच चुके हैं। इसके बाद वे रामपुरा क्षेत्र के लिए रवाना होंगे, जहां गांधीसागर में चीता परियोजना के तहत कूनो से लाई गई मादा चीता CCB-2 को रिलीज किया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्राम बासी स्थित डीबीएल हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे सड़क मार्ग से ग्राम बूज जाएंगे। बूज में चीता परियोजना के गेट नंबर-4 पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में CCB-2 को गांधीसागर के जंगल में रिलीज किया जाएगा।
चीता रिलीज कार्यक्रम को लेकर मौके पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नीमच वन विभाग के डीएफओ, मंदसौर अभयारण्य के डीएफओ सहित दोनों जिलों का वन विभागीय अमला कार्यक्रम स्थल पर मौजूद है। वहीं, गरोठ विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया, मनासा एसडीएम, एसडीओपी और पुलिस बल भी मौके पर तैनात है।
कार्यक्रम की कवरेज के लिए मीडिया कर्मी भी मौके पर मौजूद हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
गांधीसागर में पहले से मौजूद चीतों के बीच अब CCB-2 के रिलीज होने से चीता परियोजना की गतिविधियों में और विस्तार होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के पहुंचने के बाद होने वाले इस कार्यक्रम पर सभी की नजरें टिकी हैं। अब मुख्यमंत्री की मौजूदगी में CCB-2 को गांधीसागर के जंगल में रिलीज किए जाने का इंतजार है।