बड़ीसादड़ी। पुलिस थाना बड़ीसादड़ी ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को छोटीसादड़ी, धरियावद और धोलापानी क्षेत्र में तलाश के बाद पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कालूराम पिता नारायणलाल मीणा निवासी रेला, थाना धोलापानी, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सुगना बाई पत्नी लाभचंद रावत मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 12 बजे उनके ससुर उंकार जी कुएं पर बने कच्चे मकान के बाहर पलंग पर सो रहे थे। इसी दौरान कमलेश पिता बद्रीलाल, भेरूसिंह पिता बद्रीलाल और बद्रीलाल पिता नाथू मीणा सहित अन्य आरोपियों ने लाठी-सरियों से उनके साथ गंभीर मारपीट की। शोर सुनकर सुगना बाई कमरे से बाहर आईं तो आरोपी मौके से भाग गए। उन्होंने अपने ससुर को गंभीर हालत में देखा और पानी पिलाया, जिसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रिपोर्ट के आधार पर थाना बड़ीसादड़ी में प्रकरण क्रमांक 169/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गजेंद्र सिंह के निर्देशन और बड़ीसादड़ी वृत्ताधिकारी हरिश्चंद्र सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी भगवानलाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कालूराम मीणा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपी को पूछताछ के आधार पर नामजद किया जा रहा है। वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मामले में पूर्व में कमलेश मीणा और भैरूलाल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। गिरफ्तार कालूराम मीणा पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस टीम: थाना प्रभारी भगवानलाल, सहायक उप निरीक्षक हरिराम, कांस्टेबल दिनेशकुमार, ओमप्रकाश और राकेशकुमार शामिल रहे।