नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को नीमच पहुंचने के बाद सीएसबी अग्रोहा भवन स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने सर्वप्रथम प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। फिलहाल मुख्यमंत्री का मंच से संबोधन जारी है।
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच जिले की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नीमच 55 जिलों में नंबर-1 जिला है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नीमच को एयरपोर्ट की सौगात मिलने जा रही है। इसके साथ ही नीमच में नए खेल स्टेडियम की सौगात दिए जाने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं से जिले के विकास को नए पंख मिलेंगे।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस के कार्यकाल को लेकर भी आलोचनात्मक टिप्पणी की और अपनी सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री यहां ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के अंतर्गत आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में सामाजिक सेवा, रक्तदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही पात्र बहनों को स्कूटी तथा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रामपुरा क्षेत्र के लिए रवाना होंगे। वे ग्राम बासी स्थित डीबीएल हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से ग्राम बूज जाएंगे। यहां चीता परियोजना के गेट क्रमांक-4 पर आयोजित कार्यक्रम में कूनो से गांधीसागर लाई गई मादा चीता CCB-2 को रिलीज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी तैनात हैं।