मंदसौर। दलोदा थाना क्षेत्र में लखमा खेड़ी फंटे के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12.15 बजे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में 6 वर्षीय बच्ची और 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। कई मजदूर घायल हुए हैं। इनमें 18 वर्षीय युवती के दोनों पैर कट गए, जबकि तीन गंभीर घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे और मर्ग कायम कर ट्रक तथा चालक की तलाश शुरू कर दी है।
रेलवे का काम खत्म कर उज्जैन जा रहे थे मजदूर-
घायल मजदूरों के अनुसार, वे रतलाम जिले के रावटी क्षेत्र और आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। सभी मंदसौर में रेलवे के काम में मजदूरी कर रहे थे। शनिवार रात करीब 11.30 बजे काम खत्म करने के बाद मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली से उज्जैन के लिए रवाना हुए थे। लखमा खेड़ी फंटे के पास पीछे से आए ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें बैठे मजदूर सड़क पर जा गिरे। उनका सामान भी सड़क पर बिखर गया। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने बताया कि हादसे की सूचना रात करीब 12.30 बजे मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेलवे के मजदूर उज्जैन जा रहे थे। उनके अनुसार, ट्रॉली में करीब 20 लोग सवार थे।
18 वर्षीय युवती के दोनों पैर कटे-
हादसे में कल्पना पिता विनोद भील (18), निवासी रानीसिंह, गंभीर रूप से घायल हुई हैं। हादसे में उनके दोनों पैर नीचे से कट गए। उन्हें उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
इसके अलावा 4 और 8 वर्ष के दो बच्चों के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों को भी रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जिला अस्पताल में भर्ती चंचल पिता संजय भील (18) के पैर में फ्रैक्चर के साथ सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है। नीरू पिता तेर सिंह भील (14) की कमर में फ्रैक्चर बताया गया है।
शंकर पिता गलिया भील (26), सविता पति राहुल भील (20) और सोनू पति अब्बूलाल भील (28) का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। अन्य घायलों में राहुल (23), सुरपाल (15), लीला (26), आशा (5), गोपाल (18), मनीष (19), पूजा (10), करण (7) और पप्पूडी (30) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इनमें से कुछ घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
दो मजदूरों की मौत-
मृतकों की पहचान रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम लासिया निवासी बसंती पत्नी पेरू भील (45) और ग्राम मोटूका निवासी 6 वर्षीय बच्ची के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
रात 2 बजे अस्पताल पहुंचीं अपर कलेक्टर-
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, एसडीएम, तहसीलदार और दलोदा थाना प्रभारी सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपर कलेक्टर रात करीब 2 बजे जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने गंभीर घायलों के उपचार को लेकर चिकित्सकों से चर्चा की।
ट्रक और चालक की तलाश-
दलोदा थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप डांगी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक और चालक की तलाश कर रही है। दो लोगों की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
मजदूर बोले- काम खत्म कर उज्जैन जा रहे थे
घायल राहुल ने बताया कि वे सभी मंदसौर में रेलवे के काम के लिए मजदूरी करने आए थे। शनिवार रात काम खत्म करने के बाद उज्जैन जा रहे थे। इसी दौरान दलोदा के पास पीछे से आए ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।
घायल चंचल और सोनू ने भी बताया कि वे रतलाम जिले के रावटी क्षेत्र के रहने वाले हैं। कुछ मजदूर करीब एक साल से मंदसौर में काम कर रहे थे, जबकि कुछ चार-पांच महीने और कुछ करीब एक महीने पहले यहां आए थे। मजदूरों के अनुसार, अधिकांश लोग आपस में रिश्तेदार हैं।