नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को विशेष हेलीकॉप्टर से रामपुरा पहुंचे। यहां ग्राम बासी स्थित डीबीएल हेलीपैड पर उतरने के बाद वे सड़क मार्ग से ग्राम बूज पहुंचे। इसके बाद चीता परियोजना के गेट क्रमांक-4 पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कूनो से गांधीसागर लाई गई मादा चीता सीसीबी- 2 को रिलीज किया गया।
इससे पहले मुख्यमंत्री नीमच के सीएसबी अग्रोहा भवन स्थित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और दीप प्रज्ज्वलित कर ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने नीमच को 55 जिलों में नंबर-1 बताते हुए जल्द एयरपोर्ट की सौगात मिलने की बात कही। उन्होंने नीमच में नए खेल स्टेडियम की सौगात दिए जाने का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस के कार्यकाल को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणी करते हुए अपनी सरकार के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
गांधीसागर में चीता रिलीज कार्यक्रम को लेकर वन विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में सीसीबी- 2 के रिलीज होने के बाद गांधीसागर चीता परियोजना में एक और मादा चीता शामिल हो गई है।