चित्तौड़गढ़। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संस्थान, चित्तौड़गढ़ के चुनाव में निवर्तमान महामंत्री राजेश सेठिया को सर्वसम्मति से आगामी दो वर्षों के लिए अध्यक्ष चुना गया। उनके अध्यक्ष चुने जाने के साथ ही चित्तौड़गढ़ जैन समाज में एक नया रिकॉर्ड बना है।
राजेश सेठिया वर्तमान में स्थानकवासी समाज की प्रमुख संस्था श्री ओसवाल संघ के अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वे श्री जैन दिवाकर संगठन समिति, चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल रहे हैं। अब श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संस्थान के अध्यक्ष चुने जाने के बाद वे एक साथ तीन प्रमुख संस्थाओं की अध्यक्षता करने वाले चित्तौड़गढ़ जैन समाज के पहले व्यक्ति बन गए हैं।
निवर्तमान महामंत्री के रूप में सेठिया के कार्यकाल में धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए। इनमें संथारा विशेषज्ञ धर्ममुनि महाराज साहब का ऐतिहासिक चातुर्मास चित्तौड़गढ़ में करवाना तथा शहर के प्रमुख क्षेत्र में श्री दिवाकर स्तंभ का निर्माण प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहे।
आमसभा में अध्यक्ष पद के लिए राजेश सेठिया के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसका उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ सर्वसम्मति से अनुमोदन किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश सेठिया ने कहा कि वे श्रमण संघ की एकता को सर्वाेपरि रखेंगे और संघ की प्रत्येक घटक संस्था को उचित सम्मान देते हुए सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे।
आमसभा में आगामी चातुर्मास को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही नई कार्यकारिणी का गठन कर संघ की ओर से आगामी चातुर्मास के लिए विनती की जाएगी।