नीमच। बघाना थाना क्षेत्र में शनिवार शाम अमावली महल के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित दूसरी बाइक के चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों में 2 वर्षीय बच्ची भी शामिल है। हादसे में परिवार के कुछ सदस्यों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुए हैं, जबकि बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी है।
जानकारी के अनुसार, बिसलवास कलां निवासी बावरी परिवार इलाज के बाद एक ही बाइक से गांव लौट रहा था। अमावली महल के पास सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। परिजनों के अनुसार, दूसरी बाइक रॉन्ग साइड से आ रही थी।
हादसे में लालाराम (20), गीता बाई (40), कमला बाई (23), 2 वर्षीय शारदा और दूसरी बाइक चला रहे बंगरेड निवासी पुष्कर (45) घायल हुए। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
लालाराम, गीता बाई, कमला बाई और शारदा का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार परिवार के कुछ सदस्यों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुए हैं। शारदा के सिर में भी गंभीर चोट बताई गई है। वहीं पुष्कर के पैर में गंभीर चोट होने पर प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें आगे के इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।
हादसे की सूचना मिलने पर बघाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है।