मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के सुपरा गांव में रविवार रात तेज रफ्तार कार ने इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर के पास महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। हादसे में छह महिलाएं और 13 वर्षीय बच्ची घायल हो गईं। इनमें चार महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक महिला के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है।
हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि मंदिर में गणेशजी की स्थापना के बाद आरती एवं प्रसादी वितरण का कार्यक्रम चल रहा था। कुछ महिलाएं प्रसादी लेकर मंदिर से बाहर निकल रही थीं, जबकि कुछ लोग परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान काले रंग की कार क्रमांक RJ 45 CS 0432 तेज रफ्तार से आई और बाहर मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने चालक को खंभे से बांधा-
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने चालक को कार से बाहर निकालकर पास के खंभे से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की। गुस्साए ग्रामीणों ने कार में भी तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में लिया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
7 घायलों को मंदसौर किया रेफर-
घायल महिलाओं एवं बच्ची को डायल-112 की मदद से पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात करीब 1 बजे घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार कार में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। चालक की पहचान अर्जुन सिंह (32), पिता कमल सिंह, निवासी सुजानपुरा, पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने चालक के शराब के नशे में होने की बात कही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- टक्कर इतनी तेज थी कि मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शी दीपक ने बताया कि गांव के बालाजी मंदिर में गणेशजी की स्थापना की गई थी। रात में आरती के बाद प्रसादी वितरण चल रहा था। कुछ महिलाएं नृत्य कर रही थीं, जबकि कुछ प्रसादी लेकर मंदिर से बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार आई और लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल हीराबाई ने बताया कि वह आरती के बाद प्रसाद लेने गई थीं। प्रसाद लेकर मंदिर के गेट से बाहर निकलते समय अचानक कार आई और टक्कर मार दी।
हादसे का वीडियो सामने आया-
घटना के दौरान का वीडियो भी सामने आया है। इसमें मंदिर परिसर में कुछ युवक नृत्य करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान काले रंग की कार अचानक आती है और मंदिर के बाहर मौजूद लोगों को टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है।
हादसे के बाद के एक अन्य वीडियो में क्षतिग्रस्त कार दिखाई दे रही है। वहीं कुछ ग्रामीण चालक को खंभे से बांधे हुए नजर आ रहे हैं।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे ने बताया कि हादसे में छह महिलाएं और एक बच्ची घायल हुई हैं। कार में अर्जुन पिता कमल सिंह अकेला सवार था। उसे हिरासत में लिया गया है। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।