चित्तौड़गढ़। गणेश उत्सव के दौरान शहर में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने शनिवार शाम शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों और आयोजन स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ की स्थिति, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं जाप्ते से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने निर्देश दिए कि गणेश उत्सव के दौरान प्रतिमा स्थापना स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात रखा जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान डीएसपी बृजेश सिंह, कोतवाली, सदर एवं महिला थाना के थानाधिकारी, क्यूआरटी सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। गणेश उत्सव को देखते हुए जिला पुलिस द्वारा शहर में लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है।