सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की गंभीर शिकायत के बाद कार्रवाई की गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सीहोर जिले में निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में कथित तौर पर रिश्वत मांगने की शिकायत सामने आई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शिवाय वेयरहाउस से 1 लाख रुपए और श्रीकृष्णा वेयरहाउस से 60 हजार रुपए की मांग की गई थी।
बताया गया कि यह शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंची। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
अधिकारी के खिलाफ विभागीय स्तर पर जांच और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया की जा सकती है। फिलहाल रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।