शाजापुर। बंजारे समाज की ओर से निकाली गई भव्य यात्रा का श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना टीम शाजापुर ने स्वागत किया। इस दौरान करणी सेना के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल समाजजनों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।
यात्रा के दौरान भीड़ के कारण एक एंबुलेंस वाहन रास्ते में फंस गया। इसकी जानकारी मिलते ही श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष कुंवर धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस के लिए रास्ता खुलवाया, ताकि मरीज को समय पर उपचार मिल सके।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि समाज एवं मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है। धार्मिक एवं सामाजिक यात्राओं के दौरान सभी लोगों को इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि एंबुलेंस सहित आपातकालीन सेवाओं और अन्य जरूरी वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
करणी सेना टीम शाजापुर ने बंजारे समाज की यात्रा के सफल आयोजन पर समाजजनों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं सेवा भावना का संदेश दिया।