गरोठ। बरखेड़ा गंगासा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कक्षा 8वीं के एक छात्र को उसके सहपाठी द्वारा चाकू मारने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। मामले में गरोठ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र को कथित रूप से चिढ़ाने और गाली-गलौज करने से मना करने पर दोनों छात्रों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सहपाठी छात्र ने छोटा चाकू निकालकर छात्र के बाएं पैर में घुटने के पास वार कर दिया। इससे पैर में चोट लगने के साथ खून निकलने लगा।
आरोप है कि घटना के बाद सहपाठी ने छात्र को चिल्लाने से मना किया और जान से खत्म करने की धमकी भी दी। छात्र जब घर पहुंचा तो परिजनों ने उसके पैर से खून निकलता देखा। पूछताछ करने पर घटना की जानकारी सामने आई। वहीं, स्कूल में घटना की जानकारी मिलने पर शिक्षक ने छात्र के पैर पर पट्टी बांधी।
मामले की सूचना मिलने के बाद गरोठ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 209(6) एवं 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।