मंदसौर। पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के सुपरा गांव में रविवार रात इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर के बाहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से छह महिलाओं और एक 13 वर्षीय बच्ची के घायल होने के मामले में सोमवार को ग्रामीणों ने नीमच-मंदसौर हाईवे पर पिपलिया मंडी थाने के बाहर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों और घायलों के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई तथा पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
रविवार रात गणेश आरती के बाद मंदिर से प्रसादी लेकर बाहर निकल रही महिलाओं को टाटा अल्ट्रोज कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में चार महिलाओं की हालत गंभीर बताई गई थी। घायलों को पिपलियामंडी से मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर घायलों के बेहतर उपचार के लिए उदयपुर ले जाने की बात भी सामने आई है। परिजनों के अनुसार उपचार के लिए करीब 11 लाख रुपए की आवश्यकता बताई गई है, जबकि उनके पास इतनी राशि उपलब्ध नहीं है।
आरोपी को मेडिकल के लिए ले जाने पर थाने में जुटे परिजन-
सोमवार को पुलिस आरोपी चालक अर्जुन सिंह को मेडिकल परीक्षण के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान उसके परिजनों और समाजजनों को जानकारी मिली कि उसे कोर्ट ले जाया जा रहा है। इसके बाद बड़ी संख्या में परिजन एवं समाजजन थाने पहुंच गए और पुलिस से बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की। उनका कहना है कि मौके पर महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं और पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। ग्रामीणों के अनुसार एक महिला को थाने से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद परिजनों एवं समाजजनों ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध शुरू कर दिया और नीमच-मंदसौर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
एसडीओपी ने लिखित शिकायत देने की बात कही-
विरोध के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखी और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों के अनुसार एसडीओपी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया और लिखित आवेदन देने के लिए कहा।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे अपनी मांग पर कायम रहेंगे। मौके पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया।
हादसे में सात लोग हुए थे घायल-
गौरतलब है कि रविवार रात सुपरा गांव में गणेश आरती के बाद इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर से प्रसादी लेकर बाहर निकल रही महिलाओं को कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में सन्ना बाई ओंठ, भगवन्ता बाई ओंठ, रुक्मणी बाई ओंठ, लाली बाई ओंठ, गीता बाई मेघवाल, श्यामा बाई ओंठ और 13 वर्षीय दुर्गा घायल हुई थीं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे के अनुसार कार में चालक अर्जुन सिंह पिता कमल सिंह अकेला सवार था, जिसे हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।