मुरैना। खंडा-पत्थर के अवैध परिवहन के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन पुलिस ने छौंदा टोल नाके के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान खंडा-पत्थर से भरी कुछ ट्रैक्टर-ट्रॉलियां वहां से गुजर रही थीं। पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक वाहनों को गांव की ओर भगाने लगे।
पुलिस टीम ने तत्काल पीछा करते हुए घेराबंदी की और खंडा-पत्थर से भरी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
पकड़े गए वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि खंडा-पत्थर कहां से लाया गया था और उसके परिवहन के लिए जरूरी अनुमति व दस्तावेज मौजूद थे या नहीं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।