नीमच/जावद। जावद थाना क्षेत्र के अठाना गांव में रविवार शाम 28 वर्षीय युवक चेतन पिता जमनालाल सुथार घर में मृत मिला। घटना के समय वह घर पर अकेला था। सूचना मिलने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर लौटने पर कमरे में मिला युवक-
परिजनों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे चेतन की मां खेत से घर लौटीं। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों और परिजनों की मदद से दरवाजा खोला गया। अंदर चेतन अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना से पहले वीडियो बनाने की बात-
मृतक के भाई और परिजनों के अनुसार, चेतन ने घटना से पहले अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाया था। परिजनों का दावा है कि वीडियो में उसने अपनी परेशानी का जिक्र किया था।
परिजनों ने उसके मोबाइल और वॉट्सऐप चैट के आधार पर एक युवती पर पिछले 5 से 7 दिनों से उसे परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इसी परेशानी के चलते चेतन ने यह कदम उठाया। परिजनों ने पुलिस से मोबाइल और चैट की जांच कर युवती की भूमिका की जांच करने तथा आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
जावद पुलिस के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस जांच में मौत के कारणों के साथ ही परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी।