खरगोन। भगवानपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिरवेल में सोमवार को एक जनरल स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा किराना, हार्डवेयर सहित लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। दुकान संचालक भी आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। आग बुझाने के दौरान दुकान संचालक मुर्तजा अली बोहरा का हाथ गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने उन्हें निजी वाहन से खरगोन अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
आग लगते ही ग्रामीणों ने पानी के टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर खरगोन से फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आग लगने के कारण और दुकान में हुए नुकसान का आकलन करने में जुटी है।