नीमच। सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच प्रवास के दौरान जिले की चयनित सफलता की कहानियों से जुड़े किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने भाटखेड़ी गांव के प्रगतिशील किसान एवं ‘बैम्बू मैन’ के नाम से प्रसिद्ध कमलाशंकर विश्वकर्मा के प्रदर्शन स्टॉल का अवलोकन किया।
विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय बांस मिशन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने खेत को कृषि एवं प्रकृति आधारित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया है। यहां दूर-दराज से पर्यटक प्रवेश शुल्क देकर पिकनिक, फोटोग्राफी और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने पहुंचते हैं।
पर्यटक यहां तितलियों, विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों और समृद्ध जैव विविधता को करीब से देख सकते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा के नवाचारों और खेती को पर्यटन से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक माधव मारू, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा सहित जिला अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।