खरगोन। सोमवार को सप्ताह के पहले दिन शहर के बिस्टान रोड स्थित कृषि उपज मंडी में मक्का की बंपर आवक रही। करीब 700 वाहनों से उपज लेकर किसान मंडी पहुंचे। बंपर आवक के चलते मंडी परिसर मक्का से भरे वाहनों से गुलजार नजर आया। हालात यह रहे कि मंडी के साथ ही कई वाहन चित्तौडग़ढ़- भुसावल हाईवे पर भी खड़े रहे, जिसके चलते चक्काजाम की स्थिति बन गई। व्यापारियों के अनुसार मंडी में 22 हजार क्विंटल मक्का की आवक रही। हालांकि कीमत कम रहने से किसान मायूस दिख रहे हैं।
किसान अफजल खान, रमल चौहान भगवानपुरा, पवन भालसे बलगांव आदि ने बताया कि मंडी में अच्छे भाव मिलने की उम्मीद में मक्का की उपज लेकर आए थे, लेकिन पिछले सप्ताह के मुकाबले सोमवार को कम भाव रहे। किसानों के अनुसार जो मक्का 1800 से 1850 रुपए में खरीदी जा रही थी, वही मक्का बंपर आवक के चलते 1500 और 1600 रुपए प्रति क्विंटल खरीदी गई। किसानों का कहना है कि वह किराये का वाहन लेकर आए, मजदूरी भी देना पड़ी। ऐसी स्थिति में कम दाम में उपज बेचना मजबूरी बन गया। किसानों की मांग है कि महंगाई को देखते हुए 2000 या 2200 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जाना चाहिए। कम दाम में खरीदी गई फसल से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।