चित्तौड़गढ़। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय, कल्याण लोक, जावदा, निंबाहेड़ा एवं श्री खाकलदेव मंदिर विकास समिति, बिनोता के संयुक्त तत्वावधान में 24 सितंबर 2026 को निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर श्री खाकलदेव मंदिर परिसर, बिनोता में लगेगा।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना और लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को उचित मार्गदर्शन देना है।
जनसेवा की सोच को मिल रहा विस्तार-
विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन कैलाशचंद्र मूंदड़ा की परिकल्पना के तहत शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आयुर्वेद जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्र में उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराने की दिशा में यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. महेश दीक्षित के मार्गदर्शन में शिक्षा के साथ चिकित्सा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। विश्वविद्यालय के आयुर्वेद चिकित्सालय के माध्यम से लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा और जीवनशैली से संबंधित परामर्श उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इन रोगों के मरीज ले सकेंगे परामर्श-
आयुर्वेद चिकित्सालय के प्राचार्य डॉ. गोविंद सहाय शर्मा के नेतृत्व में शिविर की चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। शिविर में वात एवं अस्थि रोगों में गठिया, साइटिका, स्लिप डिस्क और पुराने जोड़ों के दर्द, उदर एवं पाचन संबंधी समस्याओं में गैस, कब्ज, अर्श, कोलाइटिस और लिवर संबंधी परेशानियों पर परामर्श दिया जाएगा।
इसके अलावा सोरायसिस, एक्जिमा एवं पुराने एलर्जीजन्य विकारों सहित मधुमेह, रक्तचाप और मोटापे के प्रबंधन को लेकर भी आयुर्वेदिक परामर्श उपलब्ध रहेगा। लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान महिला एवं पुरुष मरीज भी चिकित्सकीय मार्गदर्शन ले सकेंगे।
क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील-
श्री खाकलदेव मंदिर विकास समिति, बिनोता एवं श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय की ओर से क्षेत्रवासियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की गई है। आयोजन 24 सितंबर 2026 को श्री खाकलदेव मंदिर परिसर, बिनोता में किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष गजराज सिंह शक्तावत एवं ग्रामवासियों ने शिविर के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र के लिए उपयोगी पहल बताया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने परिवार एवं आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी शिविर की जानकारी देने और अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया।