नीमच। जिले के बर्डिया गांव में जमीन विवाद को लेकर एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में एक गर्भवती महिला, उसके पति सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होने पर पीड़ित परिवार सोमवार शाम नीमच एसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई व गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के अनुसार, घटना 19 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे की है। बर्डिया निवासी विद्याबाई, पत्नी संजय मालवीय, घर पर परिवार के लिए चाय-नाश्ता बना रही थीं। इसी दौरान लालीबाई, रूमाबाई, मायाबाई, प्रीतीबाई, विनोद, निखिल सहित कुछ अन्य लोग कथित रूप से लाठी, पत्थर और जलती लकड़ी लेकर घर में घुस आए।
गर्भवती महिला के साथ मारपीट का आरोप-
पीड़ित परिवार के अनुसार, विद्याबाई गर्भवती हैं। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट करते हुए पेट में लात मारी, जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आईं। पत्नी को बचाने पहुंचे संजय पर भी पत्थर से हमला किया गया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और 7 टांके आए।
परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने विद्याबाई की सास शांतिबाई के साथ भी मारपीट की और जलती लकड़ी से जलाने का प्रयास किया। वहीं, उनके जेठ मनोज पर भी लाठी से हमला करने की बात कही गई है। पीड़ितों के अनुसार, उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
जांच के बाद दोबारा घर में घुसने का आरोप-
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि 21 सितंबर को पुलिस जांच अधिकारी द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने के बाद आरोपी दोबारा उनके घर में घुस आए। इस दौरान कथित रूप से विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
एसपी से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग-
संजय मालवीय ने बताया कि घटना के बाद थाने में शिकायत देने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते परिवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत करनी पड़ी। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी, मामले में उचित कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।