मंदसौर। पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया में सोमवार दोपहर एक सूने मकान को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। घर का दरवाजा खुला मिलने और सामान बिखरा होने पर गृहस्वामी को चोरी की वारदात का पता चला। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, उमरिया निवासी पन्नालाल पिता शकैरेलाल बलाई (50) सोमवार सुबह करीब 10 बजे खेत पर दवा का छिड़काव करने गए थे। उनकी पत्नी कुशालबाई और बेटा सुमित भी घर पर नहीं थे। दोपहर करीब 2 बजे पड़ोसी ने फोन कर घर का दरवाजा खुला होने की सूचना दी।
पन्नालाल घर पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा मिला। उन्होंने बताया कि लोहे के ड्रम में रखी करीब 50 हजार रुपए की नकदी सहित कुछ अन्य रकम गायब थी। इसके बाद उन्होंने पिपलियामंडी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।