नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आमजन की समस्याओं के निराकरण, शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिले में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 24 सितंबर 2026 को नगर परिषद जीरन में शिविर आयोजित होगा।
शिविर में नगर परिषद जीरन के साथ ग्राम पंचायत अमावली जागीर, बमोरा, चीताखेड़ा, धामनिया, घसुण्डी जागीर, हरनावदा, कराड़िया महाराज, महुडिया, राबड़िया एवं सोनियाना के नागरिक शामिल होंगे। नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन शिविर में प्रस्तुत कर सकेंगे।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव सहित जिले के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी शिविर में उपस्थित रहेंगे। अधिकारी आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा संबंधित विभागों के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे 24 सितंबर को नगर परिषद जीरन में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत करें और मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का लाभ उठाएं।