नीमच। नीमच से दिल्ली चलने वाली लंबी दूरी की लक्जरी बसों में कृषि जिंसों की लोडिंग-अनलोडिंग की शिकायतों के बाद जिला परिवहन विभाग ने कार्रवाई शुरू की है। इसी क्रम में सोमवार शाम जिला परिवहन अधिकारी नंदलाल गामड़ के नेतृत्व में गायत्री बस की जांच की गई। बस में कृषि उपज की कुछ बोरियां मिलीं, जिन्हें उतरवाया गया और परमिट शर्तों के उल्लंघन पर 5 हजार रुपए का चालान बनाया गया।
जिला परिवहन अधिकारी नंदलाल गामड़ ने बताया कि विभाग को शिकायत मिली थी कि यात्री बसों में कृषि जिंसों की लोडिंग-अनलोडिंग की जा रही है। जांच के दौरान गायत्री बस में कृषि उपज की बोरियां मिलीं, जिन्हें बस से उतरवाया गया। मामले में परमिट शर्तों के उल्लंघन पर 5 हजार रुपए का चालान किया गया है।
उन्होंने बताया कि यात्री बसों में सामान की लोडिंग-अनलोडिंग को लेकर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। सवारी वाहनों में नियमों के विपरीत सामान लोड किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।