नीमच। जलझूलनी एकादशी, स्वाभिमान दिवस एवं फूलडोल ग्यारस के अवसर पर मंगलवार को यादव समाज में उत्साह का माहौल रहा। यादव महासभा नीमच कैंट के तत्वावधान में इस अवसर पर भव्य वाहन रैली निकाली गई।
रैली की शुरुआत कैंट थाना क्षेत्र स्थित यादव मंडी के सत्यनारायण मंदिर से हुई। बड़ी संख्या में समाजजन अपने वाहनों के साथ रैली में शामिल हुए। धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ निकली रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
रैली के दौरान समाजजनों में खासा उत्साह नजर आया। विभिन्न स्थानों पर रैली का स्वागत किया गया। इस दौरान यादव समाज ने अपनी सामाजिक एकता, संस्कृति एवं परंपराओं का संदेश दिया।
भव्य वाहन रैली के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर लोगों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही नजर आई। आयोजन को लेकर समाज के युवाओं में विशेष उत्साह रहा। रैली में शामिल लोगों ने धार्मिक जयकारों के साथ पर्व की खुशियां मनाईं।