नीमच। महू रोड स्थित वृंदावन कॉलोनी में नवीन पाइप लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं होने से रहवासी परेशान हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई के बाद निकली काली मिट्टी को सड़क पर ही बेतरतीब तरीके से डाल दिया गया। बारिश के बाद यही मिट्टी कीचड़ में बदल गई है, जिससे मुख्य मार्ग सहित कॉलोनी की अन्य सड़कों पर आवागमन मुश्किल हो गया है।
रहवासियों के अनुसार, काली मिट्टी चिकनी होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के फिसलने की स्थिति बनी रहती है। उनका दावा है कि कई लोग और स्कूली बच्चे भी सड़क पर फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल हुए हैं।
अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी समाधान नहीं-
कॉलोनीवासियों ने बताया कि समस्या को नगर पालिका नीमच के संबंधित अधिकारियों, वार्ड पार्षद, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने का आरोप रहवासियों ने लगाया है।
रहवासियों ने कलेक्टर को दिए आवेदन में मांग की है कि पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़क और गड्ढों को पूर्व स्थिति में लाया जाए। आवश्यकता अनुसार सीसी रोड की मरम्मत या गिट्टी-मुरम डालकर सड़क को समतल कराया जाए, ताकि कीचड़ और फिसलन की समस्या दूर हो सके।
कॉलोनीवासियों ने पाइप लाइन कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की है। उनका कहना है कि सड़क की जल्द मरम्मत नहीं होने पर दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।