नीमच। जीरन तहसील के ग्राम मालिया में देवनारायण मंदिर के पुजारी के खिलाफ ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने शिकायत में पुजारी पर धार्मिक आस्था की आड़ में लोगों में भय उत्पन्न कर रुपए लेने, ग्रामीणों से विवाद करने तथा विरोध करने पर झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर में वर्तमान में मोहनलाल पिता लाभचंद मेघवाल पूजा-अर्चना एवं सेवा का कार्य करते हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुजारी द्वारा मंदिर में कथित रूप से ऐसी गतिविधियां की जा रही हैं, जिनसे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता और धमकी दी गई।
ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की-
शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुजारी द्वारा उन्हें डराया-धमकाया गया तथा विरोध करने पर झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई। ग्रामीणों ने कहा कि इन घटनाओं के कारण गांव में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की जांच कर संबंधित पुजारी के खिलाफ नियमानुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज करने, उसे पुजारी पद से हटाने तथा ग्रामीणों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। शिकायत पर प्रशासन द्वारा जांच और कार्रवाई किए जाने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।