मंदसौर। मंदसौर-सीतामऊ रोड पर सोमवार रात चिरमोलिया गांव के पास नीलगाय के अचानक सामने आने से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक हादसे का शिकार हो गया। सड़क पर गिरने और घिसटने से युवक के चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, कृष्णपाल सिंह (20), पिता राजपाल सिंह, बाइक से चिरमोलिया गांव से बिलांत्री की ओर जा रहा था। रात करीब 9 बजे गांव से निकलते ही अचानक नीलगाय बाइक के सामने आ गई। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और कृष्णपाल सड़क पर गिरकर कुछ दूर तक घिसट गया।
हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल कृष्णपाल को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब 11 बजे उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार जारी है।
चेहरे पर आई सबसे ज्यादा चोट-
परिजनों के अनुसार, हादसे में कृष्णपाल के चेहरे पर सबसे ज्यादा चोट आई है और करीब 5 टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दोनों पैरों में भी चोटें आई हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कृष्णपाल के बड़े भाई प्रवीण सिंह ने बताया कि कृष्णपाल चिरमोलिया गांव में शेविंग कराने आया था। वहां से बिलांत्री लौटते समय गांव से बाहर निकलते ही बाइक के सामने अचानक नीलगाय आ गई, जिससे हादसा हो गया।