खरगोन। जिला मुख्यालय के कृष्ण सुदामा कॉलोनी में दशोरा नागर समाज के सदस्य के घर हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न करने से समाज में रोष व्याप्त है। इसे लेकर सोमवार को जिला महिला दशोरा नागर (महाजन) समाज खरगोन ने पुलिस अधीक्षक खरगोन को ज्ञापन सौंप कर जल्द कार्यवाही की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार समाज के आशीष गुप्ता पिता गिरधारीलाल गुप्ता निवासी L-03, पानी की टंकी के पीछे, कृष्ण सुदामा कॉलोनी, खरगोन के घर पर कुछ दिन पूर्व अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित परिवार ने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। चोरी में एक सोने का हार, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, तीन हाथ घड़ी एवं 1 लाख रुपये नगद (500 के नोटों में) सहित लगभग 6 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है।
समाज का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा न तो कोई ठोस कार्रवाई की गई है और न ही आज दिनांक तक चोर पकड़े गए हैं। इससे पीड़ित परिवार एवं समस्त दशोरा नागर समाज में असुरक्षा की भावना है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसके पूर्व गोगावा थाना अंतर्गत समाज बंधु अनिल गुप्ता के यहां भी लगभग 8 लाख रुपये की चोरी हुई थी, जिस संबंध में पूर्व में एस.पी. खरगोन को ज्ञापन दिया गया था, परंतु उस पर भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
जिला महिला मंडल दशोरा नागर समाज ने मांग की है कि उक्त दोनों प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच कर चोरों को पकड़ा जाए एवं चोरी गई संपत्ति बरामद की जाए।
ज्ञापन सौंपते समय जिला अध्यक्ष जयंत गुप्ता, महिला जिला अध्यक्ष सुषमा गुप्ता, महिला जिला सचिव अभिलाषा गुप्ता, नगर महिला मंडल अध्यक्ष कविता गुप्ता, जिला सचिव दीपक दशोरे सहित कई सामाजिक बंधु उपस्थित थे।